Wednesday, September 28, 2011

भूख जब हो जोर की तो चाँद भी रोटी दिखे...:)

जाने क्यों हर गम बड़ा

और हर ख़ुशी छोटी लगे

खुद का दिल जब साफ़ न हो

हर नियत खोटी लगे

हो ज़हन में जो भी

दिखता है वही हर एक जगह

भूख जब हो जोर की

तो चाँद भी रोटी दिखे...:)

Saturday, September 24, 2011

कुछ लिखा कुछ अनलिखा सा रह गया


कुछ लिखा कुछ अनलिखा सा रह गया
वक़्त का हर वार हँस कर सह गया
हाँ बहुत भारी था, वो लम्हा मगर
अश्क की एक बूँद के संग बह गया

ख्वाब जो देखा था मैंने रातभर
सुबह की पहली किरण संग ढह गया
कुछ भी हो पर हौसला मत हारना
घोंसला बुनता परिंदा कह गया

Sunday, September 4, 2011

आज की ताज़ा खबर


हाथों में थी चाय गरम
मौसम भी था बहुत नरम
तभी सुना बारिश का शोर
कपडे छत पर, भागी जोर
लेकर मै कपड़ों का ढेर
भागी नहीं लगायी देर
सीढ़ी पर जब रखा पैर
फिसली, गयी हवा में तैर
गिरी फर्श पर हुई धडाम
कैसे पूरा होगा काम ...:(

Friday, August 26, 2011















क़ल कंप्यूटर के संग मैंने काटी सारी रात
आँखों में मोनिटर था और माउस पर था हाथ
नींद बार बार कहती थी सो जा अब तू सो जा
क़ल ऑफिस भी तो जाना है सपनो में अब खो जा
लेकिन बोझ काम का मेरी थाम रहा था बांह
पलकें मुंद कर बोल रही थी सोने की है चाह
बड़ी देर तक चली बहस पर नींद अंत में जीती
रात ३ से ७ बजे तक खर्राटों में बीती

Wednesday, August 17, 2011

हम गुज़ारिश क्यों करे

हम गुज़ारिश क्यों करे
उनसे सिफारिश क्यों करें
यूँ उदासी ओढ़ कर
अश्कों की बारिश क्यों करे

ले हुनर और हौसला
जुट जाएँ हम मैदान में
हम करें ख़ारिज उन्हें
हमको वो ख़ारिज क्यों करें

सोच के पंखों को हम
परवाज़ दें कुछ इस कदर
ढूंढे नयी मंजिल
गए जख्मों में खारिश क्यों करें

Wednesday, August 3, 2011














बरसती, टपकती, सरकती, फिसलती
लटों में उलझती, लबों पर थिरकती
ये बूंदे मुझे खींच लाती हैं बाहर
मेरे घर के आंगन में जब भी बरसती

बूंदे




















अक्सर आसमान में
जब दिखतें हैं काले बादल
उनके बरसते ही
टकराती है बूंदे
कांच की खिडकियों से
तो खोल देती हूँ मै कपाट
भिगोने देती हूँ चेहरा
ये सोच कर
की बूंदों की नमी के बीच
किसी के न होने की कमी
शायद पूरी हो जाये
क्योंकि ये भी वही से आई हैं
जहाँ बैठे है कुछ लोग
जिनके न होने पर भी
उनकी शिनाख्त कराता रहता है
रगों में बहता लहू
वो न सही, शायद उनका प्यार हो
जो बन के बूंदे बरस रहा है
उन सब पर जो
महसूस कर सकतें हैं उन्हें