Sunday, October 21, 2012



















रात बढती गयी
चाँद चढ़ता गया
नर्म लहरों पे
 नक्काशी गढ़ता गया

 हम लपेटा किये
 उँगलियों पर लटें
 दायरा उनकी यादों का
बढ़ता गया

दिन गुज़रता गया
 वक़्त ढलता गया
रौशनी पर सियाही सी
मलता गया

हम रुके भी थके भी
उबासी भी ली
सोच का सिलसिला
फिर भी चलता गया

सख्त है दिल बहुत
ये गुमां था हमें
पर ये तो मोम जैसा
पिघलता गया

पर पिघलने से जब
बूँद इसकी गिरी
एक नयी सी ही सूरत में
ढलता गया

सोचते सोचते लो
सुबह हो गयी
रंग मौसम का भी
अब बदलता गया

नर्म सी है हवा
नर्म सी रौशनी
जैसे हल्दी में
सिन्दूर घुलता  गया

Monday, October 15, 2012

ये सब भी ज़रूरी है, पढाई के अलावा...:)























बचपन में पैर के अंगूठे से
गीली मिट्टी पर
आड़ी टेढ़ी रेखाएं कुरेदते हुए
गुंधे हुए आंटे से
चिड़िया, तितली और कछुए बनाते हुए
दशहरे पर कालोनी के बच्चों की
जिद्द पर हर साल रावन बनाते हुए
कभी सोचा नहीं
की इसके पीछे का कारण क्या है

स्कूल में जिस दिन 
होना होता था खेल कूद,
या सांस्कृतिक कार्यक्रम
पापा कहते मत जाओ आज
पढाई तो होगी नहीं आज
और मै भी मान जाती खुश होकर
की चलो आज दिनभर
घर में मस्ती करूंगी

पर एक दिन न जाने क्यों
जिद्द कर बैठी मै
की आज जाने दो स्कूल 
और मान गए मम्मी पापा
उस दिन थी एक कला प्रतियोगिता
पुलिस लाइन में
सभी स्कूल के बच्चों को बुलाया गया था

मै भी गयी अपने स्कूल की ओर से
१ घंटे की प्रतियोगिता  के बाद
पुकारे गए नाम
दुसरे नंबर पर मेरा नाम था
जो भीड़ में मै सुन भी नहीं पाई थी
टीचर ने गोद में उठाया
और मुझे पुरस्कार देने के लिए
खड़ा कर दिया गया एक बड़ी सी मेज़ पर

दिया गया मुझे एक सर्टिफिकेट
और एक छोटा सा गुलाबी रंग का लिफाफा
और गूँज उठी तालियों की गडगडाहट 
वो मेरे जीवन की पहली प्रतियोगिता
और पहला पुरुस्कार था

उस दिन मुझे याद है
की स्कूल से घर तक
बिना रुके दौड़ी थी मै
घर के पास पहुँचते ही
रोकने लगे कालोनी के बच्चे
अरे रुको तो, दौड़ क्यों रही हो
पर मुझे तो मम्मी पापा के पास
ही जाकर रुकना था

बिना कुछ बोले सर्टिफिकेट 
और लिफाफा थमा दिया माँ को
लिफाफे से निकले २५१ रूपये
माँ मुस्कुरायी और चिपका लिया सीने से 
और पापा ने मान लिया 
ये सब भी ज़रूरी है
पढाई के अलावा

Sunday, September 23, 2012

तुम्हारे लिए

तुम्हे लगता है
भूल गयी तुम्हे मै

तुम्हारी तड़प से
अनजान हूँ मै

और छोड़ दिया तुम्हे
भाग्य के सहारे 

लेकिन सब जानती हूँ मै
और चाहती हूँ
तुम्हारे सब दुःख हरना

लेकिन तुम्हारे सुख का 
हर एक छोर 
मेरी उँगलियों में बंधे
धागों पर आकर
ठहर जाता है

जैसे नाचती है कठपुतली
धागों की मर्ज़ी से बंधी हुई

काट दो धागे
निर्बाध उडो, बहो, फिसलो, थिरको
नाचो और दौड़ पड़ो

तुमसे अलग मै कभी नहीं
तुम्हारे अन्दर बसी मै
तुम्हे देखती हूँ हर पल

और मानती हूँ ईश्वर से
हर पल एक नयी ख़ुशी 
तुम्हारे लिए

Monday, September 17, 2012


बूंदे जो निकली बादलों की छोड़ कर बाहें




बूंदे जो निकली बादलों की छोड़ कर बाहें
न जाने कितने हौसले और अनगिनत चाहें 
कुछ ढह गयी, कुछ बह गयी लब पर लिए आँहें 
कुछ गुमशुदा हैं अबतलक थी अजनबी राहें

Saturday, September 1, 2012















मुझे तुम याद आते हो
कभी तनहाइयों में यूँ

की जैसे रात हो जाती है 
सूनी चाँद तारों बिन

की सूरज सो रहा हो
रौशनी बिन आ गया हो दिन

की फूलों ने महक अपनी
तिजोरी में छुपा दी हो

की पेड़ों ने न दी हो छांव
हर पत्ती गिरा दी हो

की बारिश मुझ तलक आकर
बदल दे रास्ता अपना

की बेरंगा सा दीखता हो
मुझे रंगों भरा सपना

की सूनापन अजब सा
जिंदगी में आके बस जाये

कोई देखे मेरा गम
और मेरी हालत पे हंस जाये

Tuesday, August 7, 2012

मै सबके साथ होकर भी
अकेली हूँ न जाने क्यों?
कभी सुलझी
कभी उलझी पहेली हूँ न जाने क्यों?
बड़ी हिम्मत से मै हर रोज़
खुद को जोड़ लेती हूँ मगर
फिर भी मेरी आंखे पनीली हैं न जाने क्यों
हर एक रिश्ते को
सींचा है बड़ी शिद्दत मुहब्बत से
मगर खुद एक खाली सी हथेली हूँ न जाने क्यों
चुरा कर काश ले जाये
मेरा हर गम कोई आकर
कभी चट्टान थी
अब रेत की ढेरी हूँ, जाने क्यों?

Monday, August 6, 2012


















बारिशों में खिडकियों पर
थपथपाकर बह निकलती
फूल पौधे चूमती
लट पर ठहरती और फिसलती

धुल के कतरा कतरा 
कर देती सभी कुछ पानी पानी
शर्म के मारे ज़मी ने 
ओढ़ ली चुनर है धानी

मन बहकने सा लगे है
देख कर मेघा ये काले
कितना रोया है उमड़ कर
कितने इसने दर्द पाले

आज रो लेने दो इसको
दर्द बह जाने दो सारा
फिर नहीं गम होगा कोई
न कोई आंसू की धारा

हल्के बादल, हल्का सा मन
होंगी हल्की सी फुहारें
हौले हौले आ के लग जाएँगी
खुशियों की कतारें