Saturday, December 18, 2010

आज फिर बारिश ने धो डाली ज़मीन


आज फिर बारिश ने धो डाली ज़मीन
धुल गयी बादल के आँखों की नमी


स्याह सी परतें थी पलकों पर जमी
जाने कबसे थी बरसने को थमी


सोचती हूँ कुछ तो राहत होगी उसको
आई होगी दर्द में कुछ तो कमी

Friday, December 10, 2010

जिंदगी

मुझे क्या पता जिंदगी कल क्या दिखाएगी
खुशियों की बरसात होगी या आंसुओं की झड़ी लगाएगी

आज को दुरुस्त करने की कोशिशों में लगी हूँ
ये मजबूती ही उस वक़्त साथ निभाएगी

किसको मिलता है सबकुछ इस जहाँ में
और सब मिल गया तो कुछ पाने की चाहत कहा रह जाएगी

थोड़े से अधूरेपन में ही है पूरापन
ये अधूरी चाहतें ही कुछ पाने को उकसाएंगी

Friday, December 3, 2010



रात जाग कर काटी सारी
हर किताब क्यों इतनी भारी

प्रश्न पत्र यूँ हाथ में आया
जैसे कोई बड़ी बीमारी

खुसुर पुसुर, छींक और खांसी
उतरे चेहरे और उबासी

भूल गए सब जाने कैसे
मेहनत की थी अच्छी खासी

जैसे तैसे लिख डाला सब
समय उड़ गया न जाने कब

पता चलेगा बोया कटा
नंबर के फल आयेगे जब

Sunday, November 21, 2010

हिफाज़त



कुछ इस कदर की
उन्होंने हमारी हिफाज़त

न ओस में नहा सके
न अश्कों को बहा सके

न हवा संग डोळ सके
न लबों से कुछ बोल सके

न शाखों पर खिल सके
न मिट्टी में मिल सके

Sunday, November 7, 2010

विजय पर्व



पिघली हुई मोमबत्ती
बुझ चुके दिए में भी
है कुछ बात

क्योंकि बता रहे हैं ये
की कितनी इमानदारी से
इन्होने बितायी पूरी रात

रौशनी बनाये रखने की कोशिश में
रात भर खुद को जलाते रहे
पठाखो की आवाज़ों पर थरथराते रहे
हवा के थपेड़ों को सह कर भी मुस्कुराते रहे

हाँ ये सच है की भगवान राम ने एक बार...
लंका पर विजय पाई थी,
पर ये तो न जाने कबसे जीतते आ रहे है

तो आइये मनाते है इनका विजय पर्व
शुभ दीपावली

Friday, October 22, 2010



दर्द की दीवार पर कैसे लिखे लम्हा कोई
भीड़ में गुमसुम खड़ा है, है बहुत तन्हा कोई

Monday, October 18, 2010

ख़ुशी


मैंने देखे हैं कई बार
पानी के बुलबुलों पर
ठहरे हुए इन्द्रधनुष

पर वो रुकते नहीं होते
हल्की सी थिरकन के साथ
टहलते है उस नन्हे से बुलबुले में

बचपन से बहुत लुभाते हैं मुझे
घंटो निहारा है इन्हें

साबुन का झाग बना कर
बड़े से बड़ा बुलबुला बनाने की कोशिशें
और कोशिशों में कामयाब होने की ख़ुशी

सच है ख़ुशी का कोई मोल नहीं
कभी मुफ्त में खुशियों का ढेर
तो कभी नोटों के ढेर में भी
ख़ुशी नदारत